ऊधम सिंह नगर: जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में 27 वर्षीय एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न एवं मारपीट के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से मूड़ी देवथल, पिथौरागढ़ निवासी कंचन सामंत (27), पत्नी ललित मोहन सामंत, दिनेशपुर के श्रीराम कॉलोनी में अपने पति के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि रविवार शाम उन्होंने संदिग्ध परिस्थितियों में कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि कंचन का लंबे समय से ससुराल में उत्पीड़न किया जा रहा था और उसके साथ मारपीट भी होती थी। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।