रेलवे फाटक पर जाम से निजात दिलाने और बंद पैदल मार्ग को दोबारा खोलने की मांग, 2015 से उठा रहे मुद्दा
रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ अपनी दो प्रमुख मांगों को लेकर रुद्रपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के प्रवेश द्वार पर समर्थकों के साथ 24 घंटे के धरने पर बैठ गए हैं। विधायक की मांग है कि किच्छा के महाराणा प्रताप चौक के निकट रेलवे फाटक पर अंडरपास का निर्माण कराया जाए और नगला के बंद पैदल आवागमन मार्ग को दोबारा खोला जाए।


विधायक बेहड़ का कहना है कि रेलवे फाटक दिन में कई बार बंद होने के कारण लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि रेलवे फाटक पर अंडरपास का निर्माण होने से जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
नगला पैदल मार्ग बंद होने से बढ़ी परेशानी
विधायक ने कहा कि नगला में पैदल आवागमन का मार्ग बंद होने से स्थानीय लोगों को आने-जाने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बंद पैदल मार्ग को जल्द से जल्द दोबारा खोलने की मांग की।
2015 से उठा रहे हैं मांग
तिलकराज बेहड़ ने बताया कि वह वर्ष 2015 से ही रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण और नगला पैदल मार्ग खोलने की मांग उठा रहे हैं। उस समय तत्कालीन मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के समक्ष मध्यस्थता हुई थी, जिसमें मांगों को स्वीकार करने की बात कही गई थी। हालांकि, इसके बावजूद अब तक इन मांगों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
विधायक ने कहा कि लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें धरने पर बैठना पड़ा है। उन्होंने दोनों मांगों पर ठोस कार्रवाई की जरूरत बताई।