देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में शनिवार को बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय बच्चे की जान चली गई। घर के बाहर खेल रहा मासूम तेज पानी के बहाव में नाली के पाइप में फंस गया। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी जिंदगी की जंग हार गई।

बारिश के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, विकासनगर के नवाबगढ़ खादर बस्ती निवासी अरमान (6 वर्ष) शनिवार को बारिश के दौरान घर के पास खेल रहा था। इसी बीच वह सड़क किनारे नाली में लगे लगभग 10 इंच चौड़े पाइप में फंस गया। साथ खेल रहे बच्चों ने तुरंत परिजनों और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी मशीन की मदद से पाइप को काटकर बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
30 मिनट की मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर
करीब 30 मिनट तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद अरमान को पाइप से बाहर निकालकर तुरंत उप जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी पर लगाए आरोप
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि हाल ही में बनी सड़क का ढाल अत्यधिक होने के कारण बारिश का पानी तेज गति से नाली में बहता है, जिससे यह हादसा हुआ।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पोस्टमार्टम नहीं कराया, पुलिस कर रही जांच
मासूम के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। विकासनगर के सीओ विवेक कुटियाल ने बताया कि अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या जिम्मेदारी तय होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।