रुद्रपुर: उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना 2026-27 के तहत चयन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत राज्यभर से 200 उभरते खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को हर महीने 2,000 रुपये की छात्रवृत्ति के साथ खेल सामग्री खरीदने के लिए प्रतिवर्ष 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।

14 से 23 वर्ष तक के खिलाड़ी कर सकेंगे आवेदन
खेल विभाग के अनुसार योजना में 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। कुल 100 बालक और 100 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया को चार आयु वर्ग—14-17 वर्ष, 17-19 वर्ष, 19-21 वर्ष और 21-23 वर्ष—में विभाजित किया गया है।
7 अगस्त से शुरू होंगे ट्रायल
खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल अगस्त माह में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम इस प्रकार है—
- 7 अगस्त: ब्लॉक, नगर पालिका और नगर निगम स्तर पर सभी आयु वर्ग की बालिकाओं के ट्रायल।
- 8 अगस्त: ब्लॉक, नगर पालिका और नगर निगम स्तर पर सभी आयु वर्ग के बालकों के ट्रायल।
- 12 अगस्त: जिला स्तर पर बालिकाओं के ट्रायल।
- 13 अगस्त: जिला स्तर पर बालकों के ट्रायल।
जिला स्तरीय ट्रायल मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम, रुद्रपुर में आयोजित होंगे, जबकि ब्लॉक स्तर पर ट्रायल संबंधित विकासखंडों और शहरी निकायों में कराए जाएंगे।
इन खेलों के खिलाड़ियों को मिलेगा मौका
योजना के तहत एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल, कबड्डी, जूडो, कराटे, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग और बैडमिंटन सहित कई खेलों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। आवेदन के समय जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और बैंक पासबुक की प्रति अपलोड करनी होगी।
इच्छुक खिलाड़ी khelouk.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं।
समय पर आवेदन करने की अपील
जिला क्रीड़ाधिकारी जानकी कार्की ने खिलाड़ियों से निर्धारित समय के भीतर आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना का उद्देश्य प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को आर्थिक सहयोग देकर उनकी खेल प्रतिभा को निखारना और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।