काशीपुर: प्रतापपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। करीब सुबह 8 बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार प्रतापपुर के पास सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शिनाख्त में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। शव को मोर्चरी में रखवाकर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।