रुद्रपुर: ऑनलाइन फूड डिलीवरी राइडर्स ने पेआउट में कटौती के विरोध में सोमवार को गगन ज्योति रोड स्थित स्टोर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। राइडर्स का आरोप है कि पिछले करीब 15 दिनों से लगातार भुगतान में कटौती की जा रही है। वहीं, विरोध के बीच स्थानीय प्रबंधन पर करीब 200 राइडर्स की आईडी बंद करने का आरोप है, जिससे प्रदर्शनकारियों में नाराजगी और बढ़ गई।

राइडर्स के मुताबिक, वे पिछले दो-तीन दिनों से भुगतान व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर विरोध कर रहे थे। उनका कहना है कि वर्तमान में करीब 8 किलोमीटर तक की डिलीवरी के लिए 29 से 30 रुपये का भुगतान किया जा रहा है। इसमें पेट्रोल, वाहन के रखरखाव और डिलीवरी में लगने वाले समय का खर्च भी राइडर्स को ही वहन करना पड़ता है।
प्रदर्शनकारी राइडर्स का कहना है कि लगातार पेआउट कम होने से उनकी रोजाना की आय पर सीधा असर पड़ रहा है। अगर भुगतान में और कटौती की गई तो उनके लिए इस काम को जारी रखना मुश्किल हो जाएगा।
आईडी बहाल करने की मांग
राइडर्स ने पेआउट में प्रस्तावित कटौती को वापस लेने और बंद की गई करीब 200 आईडी को तत्काल बहाल करने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कंपनी प्रबंधन को राइडर्स की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके साथ बातचीत करनी चाहिए और भुगतान व्यवस्था को लेकर स्थायी समाधान निकालना चाहिए।
राइडर्स ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखने को मजबूर होंगे।