फ्लोरिडा: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा सामने आया। दक्षिण फ्लोरिडा के क्रेस्टहेवन के पास एक प्राइवेट जेट रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार नौ लोगों की मौत हो गई। क्रैश के बाद विमान में भीषण आग लग गई और आसमान में आग की लपटों के साथ घना धुआं फैल गया। घटना के बाद आपातकालीन राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया।

![]()
रिहायशी इलाके में कैसे हुआ विमान हादसा?
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, रविवार दोपहर स्थानीय समय के अनुसार दक्षिण फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके में प्राइवेट जेट क्रैश हुआ। विमान में कुल नौ लोग सवार थे। फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा क्रेस्टहेवन के पास दोपहर करीब 12:50 बजे हुआ। दुर्घटनास्थल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो आवास से लगभग नौ मील की दूरी पर बताया गया है।
FAA के अनुसार, विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। इसका गंतव्य बहामास स्थित नॉर्थ एल्युथेरा एयरपोर्ट था। हालांकि, रास्ते में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
FAA और NTSB ने शुरू की जांच
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) जांच करेंगे। FAA ने अपने बयान में कहा है कि दोनों एजेंसियां घटना की जांच करेंगी, जबकि जांच की जिम्मेदारी NTSB के पास होगी। एजेंसी की ओर से जांच से संबंधित आगे की जानकारी और अपडेट जारी किए जाएंगे।
फिलहाल विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के वास्तविक कारणों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है।
इमरजेंसी टीम ने बंद की सड़कें, लोगों से दूर रहने की अपील
हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य के लिए इमरजेंसी टीम को मौके पर तैनात किया गया। फॉक्स न्यूज के मुताबिक, अधिकारियों ने क्रेस्टहेवन बुलेवार्ड और 10th एवेन्यू नॉर्थ के बीच मिलिट्री ट्रेल को बंद कर दिया। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की गई।
पाम बीच काउंटी फायर रेस्क्यू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर इस घटना को लंबा चलने वाला आपातकालीन अभियान बताया। विभाग ने लोगों से घटनास्थल के आसपास जाने से बचने का आग्रह किया।
CHILLING AUDIO captures FEMALE PILOT’S FINAL MOMENTS before PLANE CRASHES in FLORIDA
‘MAYDAY, MAYDAY, we’re descending 10,000 FEET PER MINUTE’
‘LOOK OUTSIDE JACK… HOLY FU*K WE’RE OUT OF TIME’ — TERRIFYING final words heard before impact https://t.co/AaHiQRI69N
— RT (@RT_com) November 1, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ विमान क्रैश का वीडियो
हादसे से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं। वायरल वीडियो में विमान तेजी से नीचे की ओर आता दिखाई देता है। इसके कुछ ही पलों बाद जोरदार धमाका होता है और आसमान में आग की लपटों के साथ धुएं का बड़ा गुबार उठता नजर आता है।
41 हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंचा था Learjet
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, ऑस्टिन से उड़ान भरने के बाद Learjet विमान शुरुआती चरण में करीब 41,000 फीट की क्रूजिंग ऊंचाई तक पहुंचा था।
इसके बाद विमान नेपल्स, फ्लोरिडा के पास नीचे उतरना शुरू हुआ। ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, कुछ समय बाद विमान फिर से ऊंचाई की ओर बढ़ा और फिर तेज दाईं ओर झुकाव के साथ नीचे जाने लगा। इसके बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
फिलहाल जांच एजेंसियां हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।