

बर्फबारी के बाद भी केदारनाथ में श्रद्धालुओं की भीड़
मौसम साफ होने और बर्फबारी थमने के बाद केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही फिर तेज हो गई है। देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में भक्त बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु पैदल यात्रा मार्ग, घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी और हेली सेवा के जरिए धाम तक पहुंचकर भगवान केदारनाथ के दर्शन कर रहे हैं।
बर्फ से ढकी पहाड़ियों और धाम के दिव्य वातावरण के बीच श्रद्धालु आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त कर रहे हैं। भक्त बाबा के दर्शन करने के साथ ही केदारपुरी के प्राकृतिक सौंदर्य को अपने कैमरों में भी कैद कर रहे हैं।
11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे केदारनाथ मंदिर के कपाट
इस वर्ष की केदारनाथ धाम यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। यात्रा के समापन में महज 10 दिन शेष हैं। आगामी 11 नवंबर को भैयादूज के पावन अवसर पर सुबह 8:30 बजे विधि-विधान के साथ भगवान केदारनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
कपाट बंद होने के बाद अगले छह महीने तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में संपन्न होगी। हालांकि, यात्रा के अंतिम दिनों में भी श्रद्धालुओं के केदारनाथ पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।
अब तक 18.80 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
केदारनाथ यात्रा को लेकर इस वर्ष भी श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, अब तक कुल 18,80,398 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के समापन में कुछ ही दिन शेष होने के बावजूद भक्तों की आस्था और उत्साह बरकरार है।
ठंड और बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन अलर्ट
केदारनाथ धाम में लगातार बदलते मौसम और बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन भी सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए धाम में ठहरने, भोजन, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
वहीं, रुद्रप्रयाग पुलिस स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है, ताकि यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो सके।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि धाम में लगातार बढ़ रही ठंड और बर्फबारी को देखते हुए पर्याप्त गर्म कपड़े साथ लेकर आएं। यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की जानकारी जरूर प्राप्त करें और अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार ही यात्रा की योजना बनाएं। उन्होंने श्रद्धालुओं से पुलिस और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की है।
बर्फबारी के बीच बाबा केदार के दर्शन कर रहे भक्त
केदारनाथ धाम के तीर्थ पुरोहित उमेश पोस्ती ने बताया कि धाम में बर्फबारी का दौर जारी है। इसके बावजूद श्रद्धालु बर्फबारी के बीच बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को विधि-विधान के साथ भगवान केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
बर्फबारी से निखरी केदारपुरी की खूबसूरती और अंतिम चरण में भी धाम पहुंच रहे श्रद्धालुओं की भीड़ यह दर्शाती है कि बाबा केदार के प्रति भक्तों की आस्था अटूट है। मौसम की कठिन परिस्थितियां भी श्रद्धालुओं के उत्साह और विश्वास को कम नहीं कर पा रही हैं।