देहरादून: देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हर्रावाला पुलिस चौकी क्षेत्र में मणिमाई मंदिर के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार हरियाणा नंबर की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

मणिमाई मंदिर के पास हुआ भीषण हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। हरियाणा नंबर की कार देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही थी। मणिमाई मंदिर के पास अचानक कार अनियंत्रित हुई और हाईवे किनारे खड़ी यूटिलिटी से टकरा गई।
हादसे के वक्त कार में कुल सात लोग सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। मृतकों में एक और घायलों में एक व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
टपकेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद लौट रहे थे हरियाणा के लोग
पुलिस के मुताबिक, कार सवार सभी लोग हरियाणा से मंगलवार को हरिद्वार पहुंचे थे। बुधवार सुबह सभी देहरादून के टपकेश्वर मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद उन्हें हरिद्वार होते हुए हरियाणा लौटना था।
घायल विपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि कार चालक सोमपाल को रास्ते में नींद आने लगी थी। यात्रियों ने उसे कई बार सावधानी से वाहन चलाने के लिए कहा था। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी से टकरा गई।
हादसे में चार लोगों की मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे में नरेश (42), विनोद (40), सोमपाल और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं विपेंद्र सिंह (35), लाला (35) और एक अन्य व्यक्ति घायल बताए गए हैं। मृतक और घायल सभी हरियाणा के रोहतक क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। एक मृतक और एक घायल की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में कराया भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी डोईवाला, कैलाश अस्पताल और कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है।
नींद आने से हादसा होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में कार चालक को नींद आने की बात सामने आई है। घायल विपेंद्र सिंह के बयान के आधार पर पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय कार की गति कितनी थी और सड़क किनारे यूटिलिटी वाहन किस स्थिति में खड़ा था।
प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं के अनुसार, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के हालात और उपलब्ध साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।