काशीपुर: उत्तराखंड के काशीपुर में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूल जा रहे तीन छात्रों की बाइक को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय छात्र शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मुस्कामपुर परमानंदपुर निवासी शिवम पुत्र मनोज अपने मित्र अक्षय और वासु के साथ बाइक से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, बरखेड़ी जा रहा था। शिवम और अक्षय कक्षा 10 के छात्र थे, जबकि वासु कक्षा 11 में पढ़ता है।
बताया जा रहा है कि बाजपुर रोड स्थित परमानंदपुर के पास सब्जियों से लदी एक पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अक्षय और वासु गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल, काशीपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया गया है। वाहन को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे से मृतक छात्र के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों ने स्कूल मार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम की मांग की है।