चंपावत: उत्तराखंड के चंपावत जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में टैक्सी चालक की जान चली गई, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसा टनकपुर-बिचई मार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार टैक्सी अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक चालक की पहचान 34 वर्षीय हरीश पुत्र मोहन राम के रूप में हुई है, जो पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट क्षेत्र के निवासी थे। हरीश यात्रियों को गंतव्य तक छोड़ने के बाद टैक्सी से वापस टनकपुर लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 7:30 बजे बिचई स्थित सेल्स टैक्स कार्यालय के पास उनकी टैक्सी सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से चालक को वाहन से बाहर निकाला गया और तत्काल 108 एंबुलेंस के जरिए उप जिला अस्पताल टनकपुर पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई।
वहीं, दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक दयाराम, उनकी पत्नी रामवती और राजेश्वरी भी घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि चंपावत जिले में लगातार दूसरे दिन सड़क हादसे में जान गई है। शुक्रवार को बाराकोट क्षेत्र में एक कार के गहरी खाई में गिरने और उसमें आग लग जाने से दो लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।