परभणी: महाराष्ट्र के परभणी जिले से शनिवार को एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के यशवाड़ी गांव स्थित एक प्राचीन हनुमान मंदिर में सभा मंडप की छत गिरने से कम से कम 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। आशंका जताई जा रही है कि अभी भी दर्जनों लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।
![]()
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुई, जब मंदिर परिसर में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मौजूद थे। अचानक सभा मंडप की छत भरभराकर गिर गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासनिक टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अब तक करीब 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। हालांकि, मलबे में अभी भी 30 से 40 लोगों के फंसे होने की आशंका है। बचाव दल जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।
Parbhani, Maharashtra: A pillar and a section of the roof collapsed at the Hanuman Temple complex in Yashwadi, Parbhani district, triggering a major rescue operation. 30–40 people are trapped under the debris. pic.twitter.com/y2PRLzvrSE
— IANS (@ians_india) June 20, 2026
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंदिर के सभा मंडप में मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य चल रहा था। नई छत को सहारा देने के लिए सेंटरिंग और बांस के अस्थायी ढांचे लगाए गए थे। बताया जा रहा है कि इन्हीं सपोर्ट संरचनाओं के कमजोर पड़ने या टूटने के कारण पूरी छत अचानक ढह गई।
यशवाड़ी गांव स्थित यह मंदिर क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक आस्था का केंद्र माना जाता है। शनिवार को भगवान हनुमान का विशेष दिन होने के कारण यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। हालांकि दोपहर के समय अधिक गर्मी होने से भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में कम बताई जा रही है।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। वहीं, बचाव अभियान जारी रहने के कारण मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी व्यक्त की जा रही है।