रुद्रपुर: धान के सीजन के बीच मंगलवार सुबह ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीन पानी डैम के पास हुंडई नेक्सा शोरूम के सामने धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार 45 वर्षीय रामकिशोर गंगवार सड़क पर जा गिरे और ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके ऊपर से गुजर गई। हादसे में उनकी मौत हो गई।


पीछे से टक्कर लगते ही सड़क पर गिरे रामकिशोर
जानकारी के अनुसार, दूधिया नगर वार्ड नंबर 13, गली नंबर तीन निवासी रामकिशोर गंगवार पुत्र डालचंद गंगवार मंगलवार सुबह करीब 10:15 बजे बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तीन पानी डैम के पास हुंडई नेक्सा शोरूम के सामने पीछे से आई धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामकिशोर बाइक से सड़क पर गिर गए। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके ऊपर से गुजर गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मेडिसिटी अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने रामकिशोर को तत्काल मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।
15-20 साल से भगवती एंटरप्राइजेज में कर रहे थे काम
रामकिशोर गंगवार पिछले करीब 15 से 20 वर्षों से भगवती एंटरप्राइजेज में मुंशी के तौर पर काम कर रहे थे। वह मूल रूप से मिलक, रामपुर के रहने वाले थे और लंबे समय से रुद्रपुर में रह रहे थे।
गल्ला मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गिग्गा ने हादसे की जानकारी दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
भाई ने चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
रामकिशोर के भाई ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि चालक की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।