गैरसैंण: भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और कथित घोटालों के विरोध में मंगलवार को गैरसैंण में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई (NSUI) ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगर के मुख्य चौराहे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और युवाओं को न्याय दिलाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के नेताओं ने कहा कि NEET, JEE, UGC-NET समेत कई राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं ने देश के करोड़ों छात्रों का विश्वास कमजोर किया है। उनका आरोप था कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) परीक्षा प्रक्रिया की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रही है, जिससे युवाओं का भविष्य लगातार प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की भर्ती परीक्षाओं में हुए पेपर लीक का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बावजूद यदि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियां दोबारा सामने आती हैं, तो यह व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।
युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली की न्यायिक जांच, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और परीक्षा अनियमितताओं से प्रभावित अभ्यर्थियों को उचित राहत देने की मांग भी रखी।
नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि यह आंदोलन केवल एक परीक्षा या भर्ती प्रक्रिया का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा प्रश्न है। उन्होंने युवाओं से भ्रष्टाचार और पेपर लीक के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
जिला कांग्रेस महासचिव प्रदीप कुंवर ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से भर्ती परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं, जिससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं देते हैं, तो युवा कांग्रेस आने वाले समय में राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।
वहीं, कांग्रेस नगर अध्यक्ष कुंवर रावत ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में छात्र वर्षों की मेहनत लगाते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी उम्मीदों पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की मांग करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।