हरिद्वार: लक्सर के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की निर्मम हत्या का मामला सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों शवों को मंदिर के समीप जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मामले में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार है।

पुलिस के मुताबिक, मंदिर के एक सेवादार ने दो साधुओं के कई दिनों से लापता होने और किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पथरी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मंदिर के पास जंगल में एक संदिग्ध स्थान की खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से शवों को गड्ढे में दबा दिया था। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जांच अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मामले के जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि दो साधुओं की हत्या कर उनके शव गड्ढा खोदकर दफनाए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस की शुरुआती जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। घटना के बाद से उसके फरार होने के चलते संदेह और गहरा गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।