रुद्रप्रयाग। समुद्र तल से करीब 11,755 फीट की ऊंचाई पर स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और आस्था के माहौल में मनाया गया। बारिश और घने कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह नजर आया। धाम में तिरंगा फहराए जाने के दौरान राष्ट्रगान और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।
![]()
केदारनाथ में आस्था और देशभक्ति का संगम
स्वतंत्रता दिवस पर बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का जज्बा दिखाया। बारिश के बीच श्रद्धालु ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाते नजर आए। बाबा केदार की नगरी में धार्मिक आस्था के साथ राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।
बदरी-केदार मंदिर समिति के सदस्य विनीत पोस्ती ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और संकल्प का पर्व है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संस्कृति को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
जिलेभर में निकलीं तिरंगा रैलियां, गूंजे देशभक्ति के नारे
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रुद्रप्रयाग जिले के शासकीय और अर्द्धशासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों में प्रभात फेरियां और तिरंगा रैलियां निकाली गईं।
विद्यार्थियों और आम लोगों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘अमर शहीदों की जय’ के नारों से वातावरण को देशभक्ति से भर दिया।
जिला कार्यालय में DM विशाल मिश्रा ने फहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम जिला कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और पुलिस टुकड़ी ने राष्ट्रीय ध्वज को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
राजराजेश्वरी महिला स्वयं सहायता समूह, परकंडी के सदस्यों के साथ सूचना विभाग के कनिष्ठ सहायक अरुण भरतरी, जिला सेवायोजन कार्यालय के अनुदेशक किशन सिंह रावत, कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ सहायक विनोद भास्कर, वैयक्तिक सहायक नीरज बिष्ट और विकास भवन के वैयक्तिक सहायक आशीष जोशी समेत अन्य कार्मिकों को उनके कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
केदारनाथ में स्वतंत्रता दिवस की धूम, 11,755 फीट की ऊंचाई पर ध्वजारोहण @pushkardhami @DmRudraprayag @BKTC_UK
खबर के लिए क्लिक करेंhttps://t.co/BO0YOTE8vt pic.twitter.com/arE7aSZzZA— ETVBharat Uttarakhand (@ETVBharatUK) August 15, 2026
स्वच्छ और विकसित रुद्रप्रयाग का संकल्प
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग व बलिदान को याद करने का अवसर है।
उन्होंने लोगों से स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित रुद्रप्रयाग के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। डीएम ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर काम करने के साथ स्वच्छता, सामाजिक समरसता, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में योगदान देने की अपील की।