मसूरी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मसूरी के गांधी चौक में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्तराखंड की लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और लोगों से देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए मिलकर काम करने की अपील की।
![]()
उत्तराखंड कोकिला मीरा राणा समेत कई लोग सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान नगर पालिका की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। खेल क्षेत्र से मीना रावत और आदित्य शर्मा, महात्मा योगेश्वर मंदिर से जुड़े डॉ. सुशील सैनी, फायर सर्विस के धीरज तड़ियाल, विद्युत विभाग के नरेंद्र सिंह बिष्ट और संदीप नौटियाल को सम्मान मिला।
वहीं, उत्तराखंड की प्रसिद्ध गायिका और ‘उत्तराखंड कोकिला’ मीरा राणा को भी सम्मानित किया गया। ललित वर्मा को मरणोपरांत सम्मान प्रदान किया गया। निशिका और सक्षम वर्मा को भी सम्मानित किया गया।
शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पालिका के सफाई कर्मचारियों मुकेश, कैलाश, सर्वेश, बाबूराम, रविंद्र, ममता और अमरीन को भी सम्मानित किया गया।
मीरा राणा ने युवाओं से बोली-भाषा और संस्कृति बचाने की अपील की
कार्यक्रम में उत्तराखंड कोकिला मीरा राणा ने गढ़वाली भाषा में संबोधित करते हुए युवाओं से अपनी बोली, भाषा, संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में नई पीढ़ी धीरे-धीरे अपनी मातृभाषा और लोक संस्कृति से दूर होती जा रही है। ऐसे में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और भाषाओं को संरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
पालिका अध्यक्ष बोलीं- आजादी के लिए असंख्य लोगों ने दिया बलिदान
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली। स्वतंत्रता हासिल करने के लिए असंख्य लोगों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया, जबकि पूर्व सैनिकों ने भी देश की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
मसूरी को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने पर जोर
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि मसूरी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका लगातार काम कर रही है। माल रोड की व्यवस्था सुधारने के लिए रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को निर्धारित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की सुंदरता और व्यवस्था खराब करने वाले किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सड़क किनारे मलबा डालने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई
बरसात के दौरान सड़क किनारे मलबा डालने को लेकर भी पालिका अध्यक्ष ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर सड़क किनारे मलबा डालने से सड़क और यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे ठेकेदारों को चिन्हित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।