रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर से एक नाबालिग लड़की के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। लड़की ईद का त्योहार मनाने अपने मामा के घर आई थी, लेकिन दो दिन बाद अचानक गायब हो गई।

परिजनों के मुताबिक, 17 वर्षीय किशोरी 27 मई को रुद्रपुर स्थित अपने मामा के घर पहुंची थी। 29 मई की शाम करीब 5:30 बजे वह बिना बताए घर से निकल गई और वापस नहीं लौटी। काफी देर तक तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिवार को बाद में सूचना मिली कि ग्राम फौजी मटकोटा निवासी अतुल नाम का युवक उसे अपने साथ ले गया है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से वह युवक भी अपने घर से लापता है, जिससे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीओ विभव सैनी के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।