रुद्रपुर: शहर में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा विकास कार्यों की निगरानी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने वार्ड संख्या-1 फुलसुंगा स्थित तीनपानी डैम के पुनर्निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मेयर विकास शर्मा ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की समीक्षा की। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बरसात शुरू होने से पहले जल निकासी से जुड़े सभी जरूरी कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

बताया गया कि तीनपानी डैम की जर्जर स्थिति के कारण फुलसुंगा और आसपास के क्षेत्रों के लोग वर्षों से बारिश के दौरान गंभीर जलभराव की समस्या झेल रहे थे। इस मुद्दे को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया, जिसके बाद ₹1.84 करोड़ की लागत से डैम के पुनर्निर्माण कार्य को मंजूरी मिली।

मेयर विकास शर्मा ने कहा कि यह परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हजारों नागरिकों को जलभराव से राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और तय समय सीमा में इसे पूरा किया जाए।

स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि डैम के पुनर्निर्माण के बाद क्षेत्र में वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।