पिथौरागढ़: उत्तराखंड की बेटियां अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इसी कड़ी में सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की युवा मुक्केबाज आरती धारियाल ने रोमानिया में आयोजित गोल्डन बेल्ट इंटरनेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीत लिया। 54 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में उन्होंने मेजबान देश की मुक्केबाज कार्ला लौरा को दूसरे राउंड में आरएससी (Referee Stopped Contest) के तहत हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
![]()
दूसरे राउंड में ही किया मुकाबला खत्म
12 जुलाई 2026 से रोमानिया में आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल में आरती ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उनके दमदार पंचों के सामने मेजबान खिलाड़ी टिक नहीं सकीं और दूसरे राउंड में रेफरी ने मुकाबला रोकते हुए आरती को विजेता घोषित कर दिया।
उत्तराखंड की बेटियों का लगातार शानदार प्रदर्शन
पिथौरागढ़ की महिला मुक्केबाज इन दिनों अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद और काजल फर्स्वाण ने भारत के लिए रजत पदक जीते थे। अब आरती धारियाल ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड और देश का गौरव और बढ़ा दिया है।
‘सालों की मेहनत का मिला फल’
गोल्ड मेडल जीतने के बाद आरती धारियाल ने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा कि यह उपलब्धि वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार मिले सहयोग का परिणाम है। उन्होंने अपने कोच, परिवार, दोस्तों, बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) और कोच सैंटियागो नीवा का आभार व्यक्त किया।
पिथौरागढ़ की रहने वाली हैं आरती
21 वर्षीय आरती धारियाल पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट ब्लॉक स्थित गौरीहाट गांव की निवासी हैं। वर्तमान में वह पटियाला स्थित एलिट सीनियर बॉक्सिंग कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं। इससे पहले उन्होंने पिथौरागढ़ के स्मॉल खेलो इंडिया बॉक्सिंग सेंटर में बॉक्सिंग कोच निखिल महर के मार्गदर्शन में अपनी खेल यात्रा की शुरुआत की थी।
खेल विभाग ने जताया गर्व
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने आरती की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि पिथौरागढ़ की महिला खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और अब आरती धारियाल द्वारा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतना उत्तराखंड के खेल इतिहास के लिए गर्व का विषय है।
बधाइयों का लगा तांता
आरती धारियाल की इस शानदार सफलता पर जिला युवा कल्याण अधिकारी, खेल अधिकारियों, बॉक्सिंग कोच, खिलाड़ियों, खेल संगठनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। पिथौरागढ़ समेत पूरे उत्तराखंड में उनकी इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है।