रुद्रपुर। नैनीताल हाईवे स्थित परशुराम चौक पर कट बंद होने के बाद बढ़ी जनसमस्याओं और हाल ही में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के मद्देनजर नगर निगम ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहल शुरू कर दी है। सोमवार को महापौर विकास शर्मा ने मौके का निरीक्षण कर पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

महापौर ने नगर निगम अधिकारियों, व्यापार मंडल और ब्राह्मण महासभा के प्रतिनिधियों के साथ स्थल का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि फुट ओवरब्रिज के निर्माण तक अस्थायी व्यवस्था के रूप में पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित कट खोला जाएगा तथा सड़क के दोनों ओर जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण कराया जाएगा, जिससे लोगों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने में सुविधा मिल सके।
दरअसल, राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से परशुराम चौक का कट बंद किया गया था। हालांकि इसके बाद स्थानीय व्यापारियों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क पार करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। मजबूरी में लोग तेज रफ्तार वाहनों के बीच जान जोखिम में डालकर सड़क पार कर रहे थे।
हाल ही में इसी क्षेत्र में एक महिला की जेसीबी की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कट को यू-शेप में विकसित किया जाए, ताकि इसका उपयोग केवल पैदल यात्री ही कर सकें और किसी भी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जा सके।
महापौर ने बताया कि यह व्यवस्था फिलहाल अस्थायी समाधान के रूप में लागू की जाएगी। वहीं स्थायी समाधान के तहत परशुराम चौक और सिंचाई विभाग कार्यालय के निकट फुट ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में एनएचएआई अधिकारियों से वार्ता की जा चुकी है तथा परियोजना निदेशक को पत्र भी भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक और व्यावसायिक शहर है, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में विकास के साथ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है।
महापौर ने विश्वास जताया कि फुट ओवरब्रिज बनने के बाद स्कूली बच्चों, श्रमिकों, व्यापारियों, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा दुर्घटनाओं की आशंका में भी कमी आएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि शहरवासियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।
निरीक्षण के दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।