देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में चर्चित कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के विवाद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। देहरादून पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में आरोपी उनके भतीजे सतेंद्र राठौर को बरेली से गिरफ्तार किया गया है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।


यह मामला कथित धोखाधड़ी, मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी, जान से मारने की धमकी और फर्जी दस्तावेजों के जरिए चार कंपनियों में निदेशक पद से हटाने के आरोपों से जुड़ा है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने 15 अक्टूबर 2026 को देहरादून की कैंट कोतवाली में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
शिकायत में मंत्री ने आरोप लगाया था कि गिरधारी लाल साहू ने अपनी पहली शादी की जानकारी छिपाकर उनसे विवाह किया। इसके अलावा उन्होंने मारपीट, मानसिक प्रताड़ना, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए थे।
रेखा आर्य ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया था कि उनके फर्जी हस्ताक्षर कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए और उनकी जानकारी व सहमति के बिना उन्हें चार कंपनियों के निदेशक पद से हटा दिया गया। इन कंपनियों में देवो के देव महादेव, बंखंडी रुद्राक्ष धाम, श्री अंबे ऑटो डीलर्स प्राइवेट लिमिटेड और श्री बंखंडी धाम डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम शामिल हैं।
एसआईटी ने जुटाए साक्ष्य, नौ सदस्यीय टीम कर रही थी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। एसपी ग्रामीण जया बलूनी के नेतृत्व में गठित नौ सदस्यीय टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कथित फर्जी हस्ताक्षरों और दस्तावेजों से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए। संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग कब्जे में लेकर जांच की गई और कई लोगों के बयान दर्ज किए गए। आरोपियों को पूछताछ के लिए नोटिस भी जारी किए गए थे। जांच के बाद एसआईटी ने गिरधारी लाल साहू को झांसी और सतेंद्र राठौर को बरेली से गिरफ्तार कर लिया।
हाईकोर्ट से भी नहीं मिली थी राहत
गिरफ्तारी से बचने के लिए गिरधारी लाल साहू ने अदालत का रुख किया था। उनकी अग्रिम जमानत याचिका देहरादून की विशेष अदालत से खारिज हो गई थी। इसके बाद उन्होंने उत्तराखंड हाईकोर्ट में प्राथमिकी निरस्त करने और गिरफ्तारी से राहत देने की मांग की थी। हालांकि, 4 नवंबर को हाईकोर्ट से भी उन्हें राहत नहीं मिली।
वीडियो जारी कर गिरधारी लाल साहू ने लगाए थे आरोप
विवाद सामने आने के बाद गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर रेखा आर्य पर पलटवार किया था और उनके खिलाफ संपत्ति से जुड़े आरोप लगाए थे। वहीं, मंत्री रेखा आर्य ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों की जांच कराने की बात कही थी। इस दौरान मंत्री की ओर से कुछ कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सार्वजनिक की गई थीं, जिनकी पुलिस ने जांच की।
फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनसे पूछताछ कर कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने, हस्ताक्षरों के इस्तेमाल और कंपनियों के निदेशक पदों में किए गए बदलावों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि इस पूरे प्रकरण में अन्य लोगों की कोई भूमिका तो नहीं रही है।
मामले की जांच जारी है। आरोपों की सत्यता और आरोपियों के दोषी होने का अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा। मंत्री की ओर से अपने ही पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और अब उनकी गिरफ्तारी होने से यह प्रकरण उत्तराखंड की राजनीति में लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।