देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दीपावली के अवसर पर देहरादून के तिलक रोड स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांत कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने संघ के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों के साथ दीपावली का पर्व मनाया और सभी को त्योहार की शुभकामनाएं दीं।


इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और असत्य से सत्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव, सेवा और सहयोग का संदेश भी देती है। यह पर्व सकारात्मक ऊर्जा के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता और आपसी सहयोग के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए दीपावली की बधाई दी।