Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
रुद्रपुर। शहर के विकास को गति देने की दिशा में नगर निगम रुद्रपुर लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में नगर निगम के महापौर विकास शर्मा ने वार्ड नंबर 21 स्थित रम्पुरा क्षेत्र में “सलीम डिपो से अनिल कोली के घर तक” बनने वाली सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विधिवत शिलान्यास किया।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद गिरीश पाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान महापौर विकास शर्मा ने उपस्थित मातृशक्ति एवं स्थानीय नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, स्वच्छता और आधारभूत ढांचे से जुड़े कई विकास कार्य नगर निगम द्वारा तेजी से कराए जा रहे हैं, जिससे आम जनता को सुविधाएं मिल रही हैं और शहर का स्वरूप लगातार बदल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए महापौर ने नगर निगम रुद्रपुर की विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने के उद्देश्य से निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में शुरू हुए निर्माण कार्यों पर खुशी जताते हुए महापौर एवं नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया।