अल्मोड़ा: भारत-नेपाल और भारत-भूटान अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग अभियानों में एसएसबी ने 54.74 लाख रुपये की नकली भारतीय मुद्रा, 8.09 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा और 41.87 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया। कार्रवाई के दौरान 136 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मानव तस्करी के चंगुल से 52 पीड़ितों को भी मुक्त कराया गया।

सीमांत मुख्यालय गनियाद्योली में रविवार शाम आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसबी के आईजी अमित कुमार ने बल की कार्रवाई और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर तस्करी, मानव तस्करी, नकली मुद्रा और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
54.74 लाख की नकली करेंसी जब्त
एसएसबी की कार्रवाई में 54.74 लाख रुपये की नकली भारतीय मुद्रा बरामद की गई। इसके अलावा 8.09 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा भी जब्त हुई। अधिकारियों के मुताबिक, सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ निगरानी और गश्त को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
मानव तस्करी के 52 पीड़ित मुक्त
मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी ने अब तक 52 पीड़ितों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। आईजी अमित कुमार के अनुसार, भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमा पर मानव तस्करी से जुड़े 45 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारियां भी की गई हैं।
136 तस्कर गिरफ्तार, 41.87 किलो मादक पदार्थ बरामद
अलग-अलग अभियानों के दौरान एसएसबी ने 136 तस्करों को गिरफ्तार किया है। वहीं, 41.87 किलोग्राम मादक पदार्थ भी जब्त किया गया। सीमांत मुख्यालय की टीमों ने कुल 116 मामलों में कार्रवाई करते हुए नकली भारतीय मुद्रा, विदेशी करेंसी और अन्य अवैध सामान बरामद किया है।
सीमा सुरक्षा के साथ सामाजिक सरोकार
एसएसबी सीमा सुरक्षा के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में सामाजिक जिम्मेदारियां भी निभा रहा है। दूरदराज के इलाकों में मानव और पशु चिकित्सा शिविर, कौशल विकास कार्यक्रम और सरकारी योजनाओं को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के जरिए सीमावर्ती ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
18 अधिकारियों-जवानों को सम्मान
उत्कृष्ट सेवा, बेहतर प्रदर्शन और कर्तव्यपरायणता के लिए सीमांत मुख्यालय के 18 अधिकारियों और कार्मिकों को महानिदेशक गोल्डन एवं सिल्वर डिस्क से सम्मानित किया गया। वहीं, 11 अधिकारियों और कार्मिकों को महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
आईजी अमित कुमार ने कहा कि एसएसबी भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमा की सुरक्षा के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि नकली मुद्रा, मानव तस्करी और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेंगे।