रुद्रपुर। उत्तराखंड में अपराधियों, गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में एसटीएफ, पंजाब पुलिस और ऊधम सिंह नगर पुलिस की टीम ने पंजाब के वांछित हथियार और नशा तस्कर ईशानप्रीत सिंह को बाजपुर से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तराखंड में पहचान छिपाकर रह रहा था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं तथा उसे एक अंतरराष्ट्रीय हथियार और ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है।
सोमवार तड़के एसटीएफ, पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बाजपुर क्षेत्र के केशवनगर में छापेमारी की। इस दौरान घेराबंदी कर आरोपी ईशानप्रीत सिंह, निवासी थाना छेहर्टा, जिला अमृतसर (पंजाब) को दबोच लिया गया।
जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 को अमृतसर में बीएसएफ और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर मकान की छत से कूदकर फरार हो गया था। उस समय उसके घर से 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन और लगभग 900 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। बरामद हथियारों में बरेटा, जिगाना और मेड इन चाइना पिस्टल शामिल थीं।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ मंगवाने के नेटवर्क से जुड़ा था, जिसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां उसकी लगातार तलाश कर रही थीं।
हाल ही में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर एसटीएफ ने पंजाब एएनटीएफ और उधम सिंह नगर पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया और उसे बाजपुर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क, सहयोगियों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत राज्य में नशा तस्करों और संगठित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।