किच्छा, उधम सिंह नगर। विकासखंड रुद्रपुर के अंतर्गत ग्राम आनंदपुर कटिंग में मुख्य मार्ग से नदी की पुलिया तक निर्मित 130 मीटर लंबी सीसी सड़क का लोकार्पण पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस सड़क के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या से राहत मिली है।

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि यह संपर्क मार्ग कई वर्षों से जर्जर स्थिति में था और बरसात के मौसम में ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की लगातार मांग और जनभावनाओं को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध रूप से निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे।
इसके बाद ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने स्थल निरीक्षण कर आवश्यक बजट स्वीकृत कराया और निर्धारित समय में सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर इसे जनता को समर्पित किया।
ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत ढांचे के विकास पर तेजी से कार्य हो रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विकासखंड स्तर पर लगातार काम किया जा रहा है।
सड़क निर्माण पूर्ण होने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम एवं प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क से आवागमन सुगम होगा और बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान संघ अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने की। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राजेश तिवारी, मंडल महामंत्री जितेंद्र गौतम, समाजसेवी राजकुमार पांडे सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।