रामनगर: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने देर रात एक बड़े ऑपरेशन के दौरान कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसओजी और पुलिस लाइन की संयुक्त टीम ने एक रिसॉर्ट पर छापेमारी कर 52 लोगों को हिरासत में लिया। वहीं, नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, संबंधित रिसॉर्ट में लंबे समय से अनैतिक और अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। गोपनीय सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट के विभिन्न कमरों की तलाशी ली गई, जहां कई लोग संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। इसके बाद सभी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया।

मौके से शराब, नकदी और अन्य सामग्री बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रिसॉर्ट से अवैध शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद करने का दावा किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि परिसर में बिना वैध लाइसेंस के बार का संचालन किया जा रहा था। पुलिस अब इस पहलू की भी अलग से जांच कर रही है।
जांच के दौरान रिसॉर्ट के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
रेस्क्यू की गई सभी 10 युवतियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है, जहां उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस कथित नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा इसका संचालन किस स्तर से किया जा रहा था।
आज शाम प्रेस वार्ता में होगा खुलासा
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले का विस्तृत खुलासा आज शाम 4:30 बजे रामनगर कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया जाएगा। एसएसपी मंजूनाथ टीसी कार्रवाई से जुड़ी पूरी जानकारी, बरामदगी, दर्ज मुकदमों और आगे की जांच की दिशा पर मीडिया को विस्तार से जानकारी देंगे।
फिलहाल इस कार्रवाई के बाद रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है।