देहरादून: रायपुर थाना क्षेत्र में शराब की कैंटीन के बाहर हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि वारदात किसी आपसी कहासुनी का नहीं, बल्कि बिजनौर में हुए पुराने विवाद का परिणाम थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

3 जुलाई की रात हुई थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई की रात करीब 9 बजे बंजारावाला निवासी दिवाकर खंडूरी अपने मित्र नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ रायपुर क्षेत्र में रिंग रोड स्थित शराब की कैंटीन के बाहर खड़े थे। इसी दौरान 3 से 4 युवक वहां पहुंचे और अचानक पिस्टल से दो राउंड फायरिंग कर दी।
फायरिंग में नवीन राणा के कंधे में गोली लगी, जबकि वहां से गुजर रहे कामेंद्र शर्मा के पैर में भी गोली जा लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पांच टीमों ने जुटाए अहम सबूत
घटना के बाद रायपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और प्रत्यक्षदर्शियों के साथ-साथ घायलों से भी गहन पूछताछ की।
जांच के दौरान घायल कामेंद्र शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसका बिजनौर निवासी अक्षय प्रधान और उसके साथियों से पुराना विवाद चल रहा था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने अरुण कुमार, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को देहरादून के थानो रोड स्थित सोढा सरोली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना का मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान, जो बिजनौर के कीरतपुर का निवासी है, अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
शादी समारोह से शुरू हुई थी दुश्मनी
पुलिस जांच में पता चला कि कुछ समय पहले बिजनौर में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान अक्षय प्रधान और कामेंद्र शर्मा के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लगातार तनाव बना रहा।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा कामेंद्र शर्मा के दोस्त अक्षय (निवासी गुरुग्राम) को फोन पर धमकियां दी जा रही थीं। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष देहरादून में आमने-सामने आए और कहासुनी के दौरान फायरिंग हो गई। इस घटना में कामेंद्र शर्मा और नवीन राणा गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने क्या कहा?
एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि फायरिंग की घटना पुरानी रंजिश का नतीजा थी। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।