रामनगर (उत्तराखंड): रामनगर के ग्राम पूछड़ी में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान हादसा हो गया। कार्रवाई के बीच एक युवक छत से गिरकर घायल हो गया, जबकि दम घुटने के कारण दो महिलाओं की हालत बिगड़ गई। तीनों को उपचार के लिए रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।


ग्राम पूछड़ी में वन भूमि पर चिह्नित अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। यहां चिह्नित 82 मकानों को हटाने की कार्रवाई की जानी है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, करीब तीन किलोमीटर के दायरे में आम लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
प्रशासन ने शनिवार सुबह करीब पांच बजे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए बड़े स्तर पर मशीनरी तैनात की। मौके पर 30 से अधिक जेसीबी और कई पोकलैंड मशीनें पहुंचाई गई हैं। इनकी मदद से चिह्नित अतिक्रमण हटाया जाना है।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट रखा गया है। संबंधित विभागों की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। पूरे अभियान की निगरानी अधिकारियों की देखरेख में की जा रही है।
प्रशासन की सख्त सुरक्षा व्यवस्था और भारी मशीनरी की तैनाती के बीच ग्राम पूछड़ी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।