मसूरी: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और अभिनेत्री राशि खन्ना इन दिनों उत्तराखंड के मसूरी में अपनी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। गुरुवार को दोनों सितारों ने शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों माल रोड और लाइब्रेरी चौक पर फिल्म के दृश्य फिल्माए। बॉलीवुड सितारों की एक झलक पाने के लिए शूटिंग स्थल पर प्रशंसकों की भारी भीड़ जुटी रही। हालांकि, सुरक्षा के कड़े इंतजामों के चलते लोग अपने पसंदीदा कलाकारों की स्पष्ट तस्वीरें नहीं ले सके।


मौसम साफ होने पर अन्य स्थानों पर भी होगी शूटिंग
मौसम साफ रहने के बाद फिल्म यूनिट ने मसूरी के विभिन्न स्थानों पर शूटिंग करने की योजना बनाई है। ऐसे में आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी फिल्म की शूटिंग देखने को मिल सकती है। अक्षय कुमार और राशि खन्ना की मौजूदगी से स्थानीय लोगों और पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
बुधवार को भी तैयार हुआ था शूटिंग सेट, फिर रोकनी पड़ी शूटिंग
इससे पहले बुधवार सुबह भी मसूरी में फिल्म की शूटिंग की तैयारी की गई थी। सुबह करीब नौ बजे एक होटल के नजदीक सेट तैयार कर लिया गया था, लेकिन कुछ समय बाद सेट हटा दिया गया और शूटिंग नहीं हो सकी।
होटल व्यवसायी विशाल अग्रवाल के मुताबिक, उनके होटल के पास फिल्म की शूटिंग के लिए सेट लगाया गया था, जिसे बाद में हटा दिया गया। उस समय अभिनेता अक्षय कुमार की पीठ में खिंचाव आने के कारण शूटिंग रुकने की बात सामने आई थी। उनके गेस्ट हाउस में उपचार किए जाने की जानकारी भी मिली थी। हालांकि, स्थानीय लाइन प्रोड्यूसर मनोज खरोला ने इस संबंध में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया था।
मसूरी पहुंचने से पहले ढाबे पर रुके थे अक्षय कुमार
मसूरी पहुंचने से पहले अक्षय कुमार एक स्थानीय ढाबे पर भी रुके थे। अभिनेता के वहां पहुंचने की जानकारी मिलते ही प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। उनके साथ तस्वीर लेने और एक झलक पाने के लिए लोग उत्साहित नजर आए।
फिलहाल, मसूरी में फिल्म की शूटिंग जारी रहने से शहर में बॉलीवुड गतिविधियों को लेकर उत्साह बना हुआ है। आने वाले दिनों में शूटिंग के अन्य स्थानों पर होने की संभावना के बीच स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भी सितारों को करीब से देखने का मौका मिलने की उम्मीद है।