रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड का प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने के बाद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ग्राम भगवानपुर में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। स्वागत समारोह के दौरान वक्ताओं ने राजेश शुक्ला के लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश प्रवक्ता के रूप में उनकी नियुक्ति भाजपा नेतृत्व के विश्वास को दर्शाती है।
अपने संबोधन में राजेश शुक्ला ने कहा कि जनता का प्यार, सम्मान और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रवक्ता के रूप में संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया जाएगा और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए ग्राम प्रधान विनीत सिंह सोलंकी, ज्येष्ठ प्रमुख संजय सिंह, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष (रुद्रपुर ग्रामीण) राजीव शुक्ला, भरत मिश्रा सहित सभी आयोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही ग्रामवासियों द्वारा दिए गए सम्मान और स्नेह के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम के अंत में राजेश शुक्ला ने कहा कि क्षेत्रवासियों का यह समर्थन और विश्वास उन्हें जनसेवा के मार्ग पर और अधिक मजबूती से कार्य करने की प्रेरणा देता है। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।