देहरादून/विकासनगर: उत्तराखंड के चकराता में शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। लालपुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी पांच लोग घायल हो गए। इनमें चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली नंबर की कार DL9C 8092 में सवार पांच लोग चकराता घूमने जा रहे थे। लालपुल के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 पर सूचना देकर पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता की टीम उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर एसडीआरएफ ने खाई में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम के जवानों ने करीब 35 मीटर नीचे उतरकर सभी घायलों तक पहुंच बनाई और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित खाई से बाहर निकाला।
इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। सहिया पुलिस चौकी प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि कार में कुल पांच लोग सवार थे और सभी चकराता घूमने जा रहे थे। हादसे में घायल सभी लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉक्टर हुमा परवीन के अनुसार, चार घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे में घायल लोगों का विवरण
- रोहन कुमार (23 वर्ष) — नई दिल्ली
- अभिषेक दुबे (26 वर्ष) — रोहिणी, दिल्ली
- अभिषेक (26 वर्ष) — नोएडा, उत्तर प्रदेश
- शिवानी सिंह (22 वर्ष) — वाराणसी, उत्तर प्रदेश
- प्रिंस राज (22 वर्ष) — वाराणसी, उत्तर प्रदेश