देहरादून: उत्तराखंड सचिवालय रक्षक संघ के द्विवार्षिक चुनाव सोमवार को सचिवालय में संपन्न हुए। आम सभा की बैठक में संघ की नई कार्यकारिणी का अगले दो वर्षों के लिए सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया। सभी पदों पर पदाधिकारियों का निर्विरोध चयन हुआ।

मुख्य सुरक्षा अधिकारी एवं संघ के संरक्षक व मुख्य चुनाव अधिकारी जीवन सिंह बिष्ट ने चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आम सभा की सहमति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है।
चुनाव में विनयपाल सिंह को अध्यक्ष, पूनम को उपाध्यक्ष और दिनेश उनियाल को महासचिव चुना गया। वहीं राकेश रयाल और हेमा चंद को संयुक्त सचिव तथा मनोज पंवार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
छह सदस्य कार्यकारिणी में शामिल
नई कार्यकारिणी में आशीष कुमार, नीरज कुमार, नीशू, सूचिता, विशाल और रीना नेगी को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का चयन सर्वसम्मति से किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संघ के सभी सदस्यों का आभार जताते हुए संगठन की एकजुटता और कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने संघ की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए सक्रियता से काम करने का संकल्प लिया।