रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मृतक की हत्या उसके ही करीबी दोस्त ने की थी। आरोपी ने महज 5 हजार रुपये चोरी होने के शक में पहले दोस्त पर हमला किया और फिर रस्सी से गला घोंटकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी और ईंट भी बरामद कर ली है।

एसएसपी अजय गणपति ने प्रेसवार्ता में बताया कि वारदात का खुलासा तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर किया गया।
निर्माणाधीन मकान के पास मिला था शव
31 जुलाई को शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
तकनीकी जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान ट्रांजिट कैंप निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि अनिल की मौत गला दबाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी। जांच में सामने आया कि घटना से पहले अनिल अपने दोस्तों के साथ आजादनगर में शराब पी रहा था। बाद में उसके दो साथी वहां से चले गए और वह अपने दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का के साथ रह गया।
पहले किया हमला, फिर रस्सी से घोंट दिया गला
पुलिस के मुताबिक, सुनील बहाने से अनिल को शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया। वहां दोनों ने फिर शराब पी। इसी दौरान आरोपी ने पहले लकड़ी की फट्टी और ईंट से अनिल पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
5 हजार रुपये के शक ने छीनी दोस्त की जान
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे संदेह था कि अनिल ने उसके 5 हजार रुपये चुरा लिए थे। इसी शक के चलते उसने अपने ही दोस्त की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किए गए सामान को भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी जरूरी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।