काशीपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में आईटीआई थाना क्षेत्र के कुंडेश्वरा में संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। मृतका के भाई ने उसके पति पर लंबे समय से घरेलू हिंसा और मानसिक उत्पीड़न करने के साथ ही आपसी विवाद के चलते उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठाकुरद्वारा निवासी विपुल की बहन रूबी सिंह की शादी करीब 13 वर्ष पहले मुरादाबाद जिले के डिलारी निवासी शिशुपाल के साथ हुई थी। दंपती का चार वर्षीय बेटा तन्मय सिंह है। विपुल का आरोप है कि शादी के बाद से ही शिशुपाल उसकी बहन के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिशुपाल पहले भी कई बार रूबी का गला घोंटने का प्रयास कर चुका था।
बताया गया कि शिशुपाल वर्तमान में अपने परिवार के साथ काशीपुर के कुंडेश्वरा क्षेत्र में एक तीन मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर किराये के मकान में रह रहा था। विपुल के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 11:45 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी बहन अस्पताल में भर्ती है। सूचना मिलने के बाद परिजन काशीपुर के लिए रवाना हुए और रात करीब तीन बजे वहां पहुंचे।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि पति ने आपसी कलह के चलते रूबी को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की जा रही है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।