हरिद्वार/श्यामपुर: त्योहारी सीजन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग और श्यामपुर थाना पुलिस ने मिलावटी डेयरी उत्पादों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कांगड़ी स्थित एक गुज्जर डेयरी पर छापेमारी की। संयुक्त टीम ने मौके से करीब 50 किलो संदिग्ध पनीर बरामद किया। प्रारंभिक जांच में पनीर के निर्माण में मिल्क पाउडर और फोरेन फेट के उपयोग की जानकारी सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए 49 किलो पनीर मौके पर ही नष्ट करा दिया।

सोमवार को की गई इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान डेयरी में रखे एक कंटेनर से बड़ी मात्रा में पनीर बरामद हुआ। पूछताछ में डेयरी संचालक के भाई शराफत अली ने बताया कि पनीर तैयार करने में मिल्क पाउडर और फोरेन फेट का इस्तेमाल किया गया था।
मिल्क पाउडर के खाली पैकेट भी मिले
निरीक्षण के दौरान टीम को एक प्लास्टिक बैग में मिल्क पाउडर के लगभग 50 खाली पैकेट भी मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। इसके अलावा तैयार पनीर और निर्माण में उपयोग किए जा रहे दूध के दो नमूने लेकर परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे गए हैं।
49 किलो पनीर कराया गया नष्ट
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि नमूने लेने के बाद शेष बचे लगभग 49 किलो पनीर को मौके पर ही गड्ढा खोदकर नष्ट करा दिया गया, ताकि वह बाजार में न पहुंच सके।
लाइसेंस नियमों के उल्लंघन पर नोटिस
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि संबंधित प्रतिष्ठान रिटेल व्यवसाय के फूड लाइसेंस पर दुग्ध उत्पादों का निर्माण कर रहा था, जो खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुरूप नहीं है।
इन अनियमितताओं के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत डेयरी संचालक इमानत अली और मौके पर मौजूद शराफत अली को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की ओर से नोटिस जारी किया गया है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
छापेमारी अभियान में श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, एएसआई रवींद्र गौड़, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, सुशील, खाद्य सुरक्षा विभाग के गढ़वाल मंडल उपायुक्त आर.एस. रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।