रुद्रपुर: उत्तराखंड के चर्चित रुद्रपुर गैंगरेप मामले में फरार चल रहे तीनों मुख्य आरोपियों को पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने गैंगरेप मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभिन्न पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने और सघन चेकिंग अभियान चलाने में जुटी थीं।
वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात कोतवाली रुद्रपुर पुलिस बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक पुलिस को दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा कर उनकी घेराबंदी की। इस दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
अवैध हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
घटना की सूचना मिलने के बाद एसएसपी अजय गणपति जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल आरोपी से पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। साथ ही विवेचना अधिकारियों को गैंगरेप मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य शीघ्र एकत्र कर आरोपियों के खिलाफ मजबूत चार्जशीट तैयार करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने क्या कहा?
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि सघन वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग की। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी गैंगरेप मामले के मुख्य अभियुक्त हैं और उनकी तलाश सीसीटीवी फुटेज तथा सर्विलांस के आधार पर की जा रही थी।
विवेचना जारी
पुलिस के अनुसार, गैंगरेप मामले में वांछित तीनों मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ जांच का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है। अब मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य एकत्र कर विवेचना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। साथ ही पुलिस पर फायरिंग और अवैध हथियार रखने के आरोपों में भी आरोपियों के खिलाफ अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी.