जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ऊधमसिंह नगर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में व्यापक किरायेदार सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना सत्यापन के किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों और नियमों का पालन न करने वाले किरायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस जांच में कई स्थानों पर किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया गया था। इस पर संबंधित मकान मालिकों पर भारी जुर्माना लगाया गया, जबकि किरायेदारों के भी चालान काटे गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

थाना पुलभट्टा क्षेत्र में 3 मकान मालिकों पर ₹10,000-₹10,000 का जुर्माना लगाया गया, जबकि 5 किरायेदारों का ₹250-₹250 का चालान किया गया।
कोतवाली किच्छा क्षेत्र में 7 मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर ₹10,000 का जुर्माना लगाया गया। वहीं 2 किरायेदारों के भी ₹250-₹250 के चालान काटे गए।

कोतवाली सितारगंज क्षेत्र में 6 मकान मालिकों पर ₹10,000-₹10,000 का जुर्माना लगाया गया, जबकि 11 किरायेदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले सभी किरायेदारों का समय पर सत्यापन कराएं। पुलिस का कहना है कि किरायेदार सत्यापन अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
