ऊधम सिंह नगर: जिले के किच्छा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मंदिर से बेटे के साथ बाइक पर घर लौट रही महिला का दुपट्टा अचानक बाइक के पिछले पहिये में फंस गया, जिससे वह संतुलन खोकर सड़क पर सिर के बल गिर पड़ी। गंभीर सिर की चोट के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, किच्छा नगरपालिका के वार्ड नंबर-5 निवासी रमा (50), पत्नी स्वर्गीय सुरेश, शनिवार दोपहर अपने बेटे के साथ मंदिर से दर्शन कर बाइक से घर लौट रही थीं। पुलभट्ठा क्षेत्र के पास अचानक उनका दुपट्टा बाइक के पहिये में फंस गया, जिससे वह सड़क पर गिर गईं। गिरने के दौरान उनका सिर पत्थर से टकरा गया और गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल किच्छा के सरकारी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां शनिवार शाम उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतका के देवर महेश ने बताया कि हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण काफी खून बह गया था। रमा अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गई हैं, जिनमें से दो बच्चों का विवाह हो चुका है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले की पुष्टि करते हुए किच्छा कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मेडिकल चौकी पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है।
तीन वर्ष पहले पति का भी हो चुका था निधन
परिजनों के अनुसार, रमा के पति सुरेश का करीब तीन वर्ष पहले बीमारी के चलते निधन हो गया था। वह नगर पालिका में ठेकेदारी का कार्य करते थे। अब इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का एक और पहाड़ टूट पड़ा है।