किच्छा: ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा स्थित अरोड़ा इंडस्ट्रीज में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से तीन गोदाम जलकर खाक हो गए। आग की चपेट में आने से गोदामों में रखा भारी मात्रा में चावल और वरदाना (बोरियां) पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। दमकल विभाग ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

धुएं से शुरू हुआ हादसा, देखते ही देखते भड़क उठीं लपटें
राइस मिलर एसोसिएशन के महामंत्री एवं अरोड़ा इंडस्ट्रीज के संचालक साहिल अरोरा ने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे मिल परिसर के एक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया। ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना प्रबंधन को दी, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और तीन गोदाम उसकी चपेट में आ गए।
चावल और वरदाना पूरी तरह जलकर नष्ट
आग इतनी भीषण थी कि गोदामों में रखा चावल और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला वरदाना पूरी तरह जल गया। शुरुआती आकलन के मुताबिक घटना में करीब 20 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। नुकसान का अंतिम आंकलन जांच पूरी होने के बाद सामने आएगा।
सुबह 4:30 बजे तक चला आग बुझाने का अभियान
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम कई दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लगातार करीब साढ़े चार घंटे तक चले अभियान के बाद रविवार सुबह लगभग 4:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
आग लगने की वजह तलाश रही जांच टीम
दमकल और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
पूर्व विधायक पहुंचे मौके पर, सहायता की उठाई मांग
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी अरोड़ा इंडस्ट्रीज पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और नियमानुसार राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
इस दौरान संदीप अरोड़ा, किशन नारंग, सौरभ अरोड़ा, दीपक पाठक, लक्ष्मण खुगगर, अंकुर पपनेजा, सुमित अरोड़ा, गौरव अरोड़ा और सतीश अरोड़ा सहित कई स्थानीय लोग और उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे।