सितारगंज। महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट, सितारगंज में आयोजित तहसील दिवस कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता दिखाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), ऊधम सिंह नगर एवं उपजिलाधिकारी, सितारगंज सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नगरपालिका चेयरमैन भाई सुखदेव सिंह, ब्लॉक प्रमुख उपकार बल, प्रधान संघ अध्यक्ष रेशम सिंह, समस्त सभासदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में भाजपा उधम सिंह नगर जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल की उपस्थिति भी रही।

तहसील दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने नागरिकों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने तहसील दिवस को प्रशासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बताया। इस पहल को सुशासन की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।