पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड):
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल में आयोजित ‘जय कंडोलिया पौड़ी महोत्सव-2026’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के विकास से जुड़ी ₹110 करोड़ की लागत वाली 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और पौड़ी जनपद को नई दिशा प्रदान करेंगी। उन्होंने कार्यक्रम में मिले भव्य स्वागत के लिए स्थानीय जनता का आभार भी व्यक्त किया।
रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार लगातार रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार कर रही है, जिसके चलते रिवर्स पलायन को प्रोत्साहन मिला है। युवा अब अपने गांवों में रहकर स्थानीय विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान और देवभूमि के स्वरूप से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी, महंत दीप रावत सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।