देहरादून:
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के भुड्डी गांव में वकील सोहेल हसन की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के 21 वर्षीय छोटे भाई शाहिद हसन को गिरफ्तार किया है।

पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शाहिद हसन और उसके बड़े भाई सोहेल हसन के बीच लंबे समय से पैसों और व्यवहार को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी पर नशे की लत और गलत खर्च की आदतों के चलते बड़ा भाई उसे अक्सर समझाता और डांटता था।
कुछ समय पहले आरोपी द्वारा पिता के बैंक खाते से करीब 10 लाख रुपये निकालने की घटना के बाद दोनों भाइयों के बीच तनाव और बढ़ गया था, जिसके बाद कथित तौर पर मारपीट भी हुई थी।
हत्या के बाद जांच को भटकाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए अज्ञात हमलावर की कहानी गढ़ी और ग्रामीणों के साथ मिलकर शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन और जाम लगाने का प्रयास भी किया, ताकि पुलिस जांच को गुमराह किया जा सके।
जांच में मिले अहम सुराग
मामले की जांच के दौरान पुलिस को घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश के सबूत नहीं मिले। इसके अलावा घर के कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद पाई गई।
तलाशी के दौरान पुलिस को घर के बाथरूम से 32 बोर की देशी पिस्टल भी बरामद हुई, जिससे जांच का रुख पूरी तरह बदल गया।
आरोपी ने कबूला जुर्म
सख्त पूछताछ में शाहिद हसन ने स्वीकार किया कि उसने पारिवारिक विवाद और भाई से हुए झगड़े के चलते अपने बड़े भाई सोहेल हसन की हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस कार्रवाई
देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। साथ ही, हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन और जाम लगाने के मामले में भी कार्रवाई की जा रही है।