किच्छा: राज्य स्तरीय वोविनाम चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर 11 पदक जीतने वाले ऋषि मार्शल आर्ट एकेडमी के खिलाड़ियों को पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने सम्मानित किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

रुद्रपुर स्थित मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में एकेडमी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 3 रजत और 7 कांस्य पदक हासिल किए।
सम्मान समारोह के दौरान राजेश शुक्ला ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि वोविनाम जैसी मार्शल आर्ट न केवल आत्मरक्षा सिखाती है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती भी विकसित करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ी समाज और देश का गौरव होते हैं।
उन्होंने ऋषि मार्शल आर्ट एकेडमी के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था क्षेत्र के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित कर रही है और उन्हें आगे बढ़ने का मंच दे रही है। साथ ही उन्होंने समाज से खिलाड़ियों के समर्थन के लिए आगे आने का आह्वान किया।
एकेडमी के कोच रुनू शर्मा ने बताया कि 2024 में स्थापित इस एकेडमी के खिलाड़ियों ने कम समय में ही राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
कार्यक्रम में वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सिहान ऋषिपाल भारती, महासचिव विनोद लखेरा और कोषाध्यक्ष किशोर सिंह डांगी सहित कई गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मनीष तिवारी, योगेंद्र यादव, मनोज यादव, बहादुर सिंह, मनीष पांडेय, अजय यादव, संतोष कुमार, प्रियंका और बेला सहित अनेक लोग मौजूद रहे।