रुद्रपुर: ऊधमसिंहनगर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना पुलभट्टा पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, जिले में “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु रस्तोगी निवासी इस्लामनगर, पहाड़ी कॉलोनी सितारगंज और सौरभ कुमार निवासी कुंवरपुर सिसैया, थाना सितारगंज के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष बताई गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मोबाइल एप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टेबाजी कर रहे थे और अवैध रूप से धन अर्जित कर रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऑनलाइन सट्टेबाजी युवाओं को अपराध की ओर धकेल रही है, इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने युवाओं से अवैध ऑनलाइन गतिविधियों से दूर रहने और कानून का पालन करने की अपील भी की।