किच्छा: किच्छा क्रय-विक्रय सहकारी समिति के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर निर्णायक बढ़त हासिल करते हुए प्रमुख पदों पर कब्जा जमा लिया है। अध्यक्ष पद पर कुमारी किरण राठौर और उपाध्यक्ष पद पर कमल ठठोला निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

इस चुनाव परिणाम को सहकारिता क्षेत्र में भाजपा की बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है, जबकि कांग्रेस पूरी तरह प्रभावहीन रही। जानकारी के अनुसार, 14 सदस्यीय बोर्ड में कांग्रेस के पास केवल दो निदेशक होने के कारण वह नामांकन प्रक्रिया के लिए आवश्यक प्रस्तावक और अनुमोदक भी नहीं जुटा सकी।
बताया जा रहा है कि चुनावी रणनीति पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में पहले ही तय कर ली गई थी, जिसके तहत दक्षिणी किच्छा, नारायणपुर, शांतिपुरी, बरा और बगवाड़ा सहित कई क्षेत्रों की किसान सेवा सहकारी समितियों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने विभिन्न पदों पर सफलता हासिल की।
19 मई को हुए निदेशक चुनाव में 13 में से 11 निदेशक पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए थे, जिससे अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति लगभग तय हो गई थी। निर्वाचित निदेशकों में किरण राठौर, कमल ठठोला, राकेश ठाकुर, मनोज गंगवार, मनप्रीत कौर, भावना जोशी, प्रीति द्विवेदी, सोमवती, तौफीक अहमद, मनमोहन सक्सेना और नंदलाल गौतम शामिल हैं। वहीं कमलेंद्र सेमवाल को शासन की ओर से नामित निदेशक नियुक्त किया गया।
इसके अलावा जिला सहकारी बैंक, तराई विकास संघ, यूसीएफ तथा विभिन्न केंद्रीय सहकारी संस्थाओं के लिए भी प्रतिनिधियों का चयन निर्विरोध रूप से संपन्न हुआ।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस परिणाम के साथ किच्छा क्षेत्र की सहकारी संस्थाओं में भाजपा का प्रभाव और अधिक मजबूत हो गया है।