उत्तरकाशी (उत्तराखंड): भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार शनिवार को उत्तरकाशी पहुंचे और भारत-चीन सीमा से सटे संवेदनशील और दूरस्थ क्षेत्रों में चुनावी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उनका यह दौरा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची और चुनाव संचालन की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त झाला हेलीपैड पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्वागत किए जाने के बाद हर्षिल क्षेत्र के लिए रवाना हुए। हर्षिल में उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में स्थापित पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया और मतदान केंद्रों पर सुविधाओं, संचार नेटवर्क, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान कर्मियों की तैयारियों का जायजा लिया।
इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने पर फीडबैक लिया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने इसके बाद विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम का दौरा किया और वहां यात्रा व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजाम और प्रशासनिक तैयारियों का भी मूल्यांकन किया। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने उनके दौरे में पूरी सक्रियता दिखाई।
आयोग का उद्देश्य सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना है। स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि इस दौरे के बाद दूरस्थ पोलिंग बूथों में सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे|