Airplane. Landscape with big white passenger airplane is flying in the red sky over the clouds at colorful sunset. Journey. Passenger airliner is landing at dusk. Business trip. Commercial plane
उधमसिंह नगर, उत्तराखंड: जिले से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और अवैध ह्यूमन ट्रैफिकिंग का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित परिवार ने उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के टांडा बादली निवासी दो भाइयों, जाबिर और नादिर, पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

काशीपुर के मोहल्ला अल्ली खां निवासी मंसूर आलम ने बताया कि जाबिर और नादिर ने उनके भाई मुशीर आलम को दुबई में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। परिवार ने आरोपियों को लगभग दो लाख रुपये यूपीआई के माध्यम से दिए।
19 जुलाई 2025 को मुशीर आलम दुबई पहुंचा, लेकिन वहां पता चला कि उसे वर्क परमिट पर नहीं बल्कि टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है। विरोध करने पर नादिर ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
पीड़ित परिवार ने बताया कि जब उन्होंने अतिरिक्त मदद के लिए आरोपियों से संपर्क किया, तो उनसे 50 हजार रुपये और मांग लिए गए। परिवार ने दुबई स्थित भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय से संपर्क किया और अंततः खुद टिकट की व्यवस्था कर मुशीर को भारत वापस बुलाया।
इसके कारण मुशीर का पासपोर्ट ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है, जिससे भविष्य में उसकी विदेश यात्रा और रोजगार की संभावनाओं पर असर पड़ सकता है।
मामले में एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने जाबिर और नादिर के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम 2025 की धारा 10 व 24 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि जांच एसआई देवेंद्र सिंह सामंत को सौंपी गई है और इसे गंभीरता से आगे बढ़ाया जा रहा है।