Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
रुद्रपुर। आम जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर नगर निगम की पहल अब सीधे लोगों के घर-द्वार तक पहुंचने लगी है। इसी क्रम में महापौर Vikas Sharma ने संजय नगर खेड़ा बस्ती से ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित बहुद्देशीय शिविर में नगर निगम समेत विभिन्न विभागों द्वारा नागरिकों को कई महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।

शिविर के दौरान महापौर विकास शर्मा ने स्थानीय लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को लंबित समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल विकास योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी परेशानियों को समझना और उनका समाधान करना है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर का विकास जनता के विश्वास, सहयोग और सहभागिता से ही संभव है, इसलिए नगर निगम लगातार जनहित से जुड़े अभियानों को आगे बढ़ा रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान के माध्यम से शहर के हर वार्ड और बस्ती तक पहुंचकर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस अवसर पर नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन, राजू नबियाल, पार्षद पवन राणा, पार्षद चिराग कालरा, राधेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।